रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज अपनी पांच दिवसीय चीन यात्रा के अंतिम दिन जेनजो सिटी में खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्योगों के लोगों से मुलाकात के बाद कहा कि जल्द ही झारखंड भारत का सबसे बड़ा खाद्य प्रसंस्करण केन्द्र बनेगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शिष्टमंडल के साथ जेनजो सिटी स्थित शेनचुवान कंपनी की खाद्य प्रसंस्करण इकाई का आज भ्रमण किया। कंपनी के चेयरमैन शेन जेमिन ने मुख्यमंत्री दास का और उनके साथ गये उच्चस्तरीय शिष्टमंडल का स्वागत किया और लगभग एक घंटे तक अपने संयंत्र की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।
उन्होंने शिष्टमंडल को यह भी बताया कि कंपनी में खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और गुणवत्ता परीक्षण आदि कैसे की जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय मानक गुणवत्ता को बरकरार रखते हुए सब्जियों सहित कई अन्य उत्पादों की निर्यात की दृष्टि से प्रोसेसिंग और पैकेजिंग कैसे की जाती है। शेन जेमिन ने बताया कि इस कारखाने में लगभग 8 हजार कर्मी काम करते हैं। इस कंपनी के सात संयंत्र हैं पूरे चीन में लगभग 10 हजार लोग इस कपनी में काम करते हैं। इस कंपनी का वार्षिक कारोबार लगभग 10 अरब युआन अर्थात लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के बराबर है।


Download Android App
Download iOS App



