रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शिष्टमंडल के साथ ज़ेनजो सिटी स्थित शेनचुवान कंपनी के फूड प्रोसेसिंग यूनिट का भ्रमण किया। कंपनी के चेयरमैन शेन जेमिन ने मुख्यमंत्री रघुवर दास का और शिष्टमंडल का स्वागत किया और लगभग एक घंटे तक अपने प्लांट के विभिन्न सुविधाओं फूड प्रोसेसिंग, पैंकेजिंग और क्वालिटी टेस्टिंग आदि कैसे की जाती है, इसकी जानकारी दी। नेशनल स्टैंडर्ड क्वालिटी को बरकरार रखते हुए सब्जियां सहित कई अन्य उत्पादों की प्रोसेसिंग और पैकेजिंग करके एक्सपोर्ट किये जाने के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस प्लांट में लगभग 8 हजार कर्मी काम करते हैं। इस कंपनी के 7 प्लांट हैं पूरे चीन में और लगभग 10 हजार लोग इस कपनी में काम करते हैं। इस कंपनी का टर्न ओवर करीब 10 बिलियन यूआन यानि लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के बराबर है। मुख्यमंत्री श्री दास ने कंपनी के चेयरमैन को झारखण्ड में सब्जियों के उत्पादन और फूड प्रोसेसिंग की संभावनाओं के बारे में अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने झारखंड की फूड प्रोसेसिंग नीति तथा उद्योगों के लिए जो सुविधाएं झारखंड सरकार दे रही है उसकी जानकारी दी।
इसके अलावा उन्हें झारखंड आ कर इस संभावनाओं को समझने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने 29-30 नवंबर को आयोजित होने वाले ग्लोबल एग्रीकल्चर एंड फूड समिट के लिए उन्हें और उनके डेलीगेट्स को आमंत्रित किया। इस दौरान ये भी आश्वस्त किया है कि झारखंड में उन्हें व्यापार के अवसरों से अवगत कराते हुए उन्हें सारी सुविधाएं दी जाएंगी। जो झारखंड की स्थानीय कंपनियां है उनके साथ बैठक करायी जाएगी ताकि सिर्फ निवेश ही नहीं बल्कि तकनीक ट्रांसफर से लेकर तकनीक सहयोग तक हो सके। झारखंड में इस क्षेत्र में अधिक से अधिक निवेश आ सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में झारखण्ड भारत का सबसे बड़ा फूड प्रोसेसिंग हब बनेगा।


Download Android App
Download iOS App



