अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस बात की संभावना है कि वह संयुक्त राष्ट्र में अपने ईरानी समकक्ष हसन रूहानी से मुलाकात कर सकते हैं। कुवैत के आगंतुक अमीर शेख सबाह अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह से द्विपक्षीय वार्ता से पहले ट्रंप ने बुधवार को कहा, ‘बैठक के संबंध में, कुछ भी संभव है।’ उन्होंने कहा, ‘वह बात करना चाहते हैं या नहीं, यह उन पर है, न कि मुझ पर।
मैं हमेशा उपलब्ध रहूंगा..हम देखेंगे कि क्या होता है।’ ट्रंप ने 30 जुलाई को कहा था कि वह बिना किसी शर्त के रूहानी से मुलाकात करने के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने कहा, ‘मैं किसी से भी मुलाकात कर सकता हूं। मैं मुलाकात में विश्वास करता हूं। वह मिलना चाहते हैं, तो मैं मिलूंगा। जब भी वह चाहे। यह देश के लिए अच्छा है। उनके लिए अच्छा है।
हमारे लिए अच्छा है और दुनिया के लिए अच्छा है।’ अमेरिका ने हालांकि ईरान पर अगस्त में दोबारा प्रतिबंध लगा दिया था, जिसे 2015 के ऐतिहासिक परमाणु समझौते के बाद निरस्त कर दिया गया था। रूहानी ने इसकी प्रतिक्रिया में कहा था कि ईरान अमेरिका को प्रतिबंध दोबारा लगाने के लिए ‘खेदजनक’ महसूस कराएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि ईरानी परमाणु समझौते से पीछे हटने के बाद अमेरिकी प्रशासन ‘किसी भी समझौते के लिए विश्वसनीय नहीं है।’


Download Android App
Download iOS App



