नई दिल्ली, (पंजाब केसरी): जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्रसंघ और विश्वविद्यालय प्रशासन एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। दरअसल इस बार छात्र संघ विश्वविद्यालय प्रशासन से हॉस्टल एलॉटमेंट की मांग कर रहा है। जिसको लेकर छात्र संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने बुधवार को छात्र कल्याण कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र कल्याण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि हॉस्टल खाली होने के बावजूद भी फर्स्ट ईयर के छात्रों को अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से हॉस्टल अलॉटमेंट नहीं किए गए हैं। प्रदर्शनकारी छात्र का आरोप है कि वह विश्वविद्यालय प्रशासन से वर्ष 2021 में एडमिशन लेने वाले छात्रों के लिए हॉस्टल एलॉटमेंट की मांग कर रहे हैं। वह इस मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन पर बैठे हुए हैं। ज्ञात हो कि छात्र संघ की ओर से इस संबंध में कुलपति को एक पत्र भी लिखा गया है।
वहीं दूसरी तरफ ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स (एआईसीसीटीयू) के कार्यकर्ताओं और जेएनयू के छात्रों ने भी प्रदर्शन करते हुए जेएनयू प्रशासन पर आरोप लगाया है कि बीते कुछ महीनों के दौरान जेएनयू में कार्यरत करीब 150 से अधिक सफाई और मेस कर्मियों की छंटनी की गई है। इसके साथ ही इन कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन का भुगतान तक नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस संबंध में इन्होंने जेएनयू प्रशासन और श्रम आयुक्त के कार्यालय में भी सूचना दी है। बावजूद इसके अभी तक इन्हें नहीं रखा गया है। इन्होंने मांग की है कि सभी कर्मचारियों की तत्काल बहाली हो, प्रत्येक माह की 7 तारीख के भीतर मजदूरी भुगतान के संबंध में लिखित आश्वासन दिया जाए।


Download Android App
Download iOS App



