कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मध्यनजर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने रविवार को विद्यार्थियों एवं सभी कर्मियों के लिए परिसर में छात्रावासों एवं सभी भवनों में अनिवार्य थर्मल स्क्रीनिंग और मास्क लगाने समेत नए निर्देश जारी किये। दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के 3567 नये मामले सामने आये और संक्रमण की दर 4.11 प्रतिशत से बढ़कर 4.48 फीसद हो गयी। साथ ही, दस और मरीजों की जान चली गयी।
राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं और शुक्रवार को इस साल के सबसे अधिक 3594 मामले सामने आये थे। आधिकारिक आंकड़े के हिसाब से गुरुवार को 2790, बुधवार को 1819 और मंगलवार को 992 नये मरीजों का पता चला था। अपने परिपत्र में जेएनयू ने कहा कि छात्रावासों, पुस्तकालय, प्रशासनिक भवनों एवं सड़कों समेत परिसर में विद्यार्थियों एवं कर्मियों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य होगा।
परपित्र में कहा गया है, ‘‘विद्यार्थियों एवं कर्मियों को छात्रावासों, प्रशासनिक भवनों, स्कूल भवनों और डॉ. बी आर अंबेडकर सेंट्रल लाइब्रेरी एवं अन्य भवनों तथा सार्वजनिक स्थलों जैसे शॉपिंग कॉम्पलेक्सों और सड़कों पर आने-जाने की तभी इजाजत होगी जब उन्हें मास्क लगाये हुए पाया जाएगा।’’ जेएनयू ने शिक्षकों एवं अन्य कर्मियों को कोविड-19 नियमों के पालन में उदाहरण पेश करने के लिए हर वक्त मास्क लगाने का निर्देश दिया है।
दुकानदारों एवं कैंटीन कर्मियों को भी मास्क लगाने का निर्देश दिया गया है। परिपत्र के अनुसार दिशानिर्देश का उल्लंघन करने पर शुरू में दो दिन के लिए दुकान एवं कैंटीन बंद रखनी होगी और बाद में फिर उल्लंघन करने पर भारत सरकार, दिल्ली सरकार एवं विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों, विशेष केंद्रों, छात्रावासों, प्रशासनिक भवनों आदि सभी अहम बिंदुओं पर हाथ सेनेटाइज करना एवं थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



