Judge Aman Kumar Sharma Suicide: राजधानी दिल्ली के पॉश सफदरजंग एन्क्लेव ग्रीन पार्क इलाके में शनिवार को एक जज ने खुदकुशी कर ली। इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आधिकारिक पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक जज की पहचान 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह नॉर्थ-ईस्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) कड़कड़डूमा कोर्ट में सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे। कड़कड़डूमा कोर्ट में ग्राउंड फ्लोर पर रूम नंबर 35 में उनका ऑफिस था। इस घटना की सूचना के बाद से ही उनके साथ काम करने वाले सभी लोग स्तब्ध हैं। किसी को उनकी मौत का यकीन तक नहीं हो रहा है।
मौके पर मिला सुसाइड नोट
पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस संबंध में पीसीआर कॉल डीडी नंबर-34 के तहत सफदरजंग एन्क्लेव थाने में सूचना प्राप्त हुई थी, जिसमें आत्महत्या की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां ग्रीन पार्क में स्थित उनके आवास यू-4ए, प्रथम तल पर अमन कुमार शर्मा का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। अभी शुरुआती जांच में मौके पर सुसाइड नोट मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जिसकी वजह से अभी आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। वहीं, मामला एक वरिष्ठ जज से जुड़ा होने के चलते पुलिस अधिकारी इस घटना पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूत्रों की मानें तो घटना की सूचना के लिए पीसीआर कॉल अमन शर्मा के जीजा शिवम ने की थी। शिवम डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं। पुलिस ने घटनास्थल की फोटो व वीडियोग्राफी की, साक्ष्य एकत्र किए हैं और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। सूत्रों की मानें तो जांच में सामने आया है कि वह कुछ समय से परेशान चल रहे थे।


Download Android App
Download iOS App




