गुड़गांव जेल में कैदियों के बीच झगड़ा ः तीन वार्डन समेत छह घायल

Summary :

NULL

गुड़गांव : गुड़गांव के भोंडसी जेल के भीतर कैदियों के दो गुटों के बीच हुए झगड़े में तीन वार्डन समेत छह लोग घायल हो गए।कारा के एक अधिकारी ने बताया कि घटना कल सुबह तकरीबन आठ बजे हुई जब दो गैंगस्टरों अशोक बवाना और राजेश गुज्जर के बीच फेज-1 में कैंटीन के बाहर लड़ाई हुई। भोंडसी कारागार के अधीक्षक जय किशन छिल्लर ने बताया कि शीघ्र ही दोनों के साथी आ गए और जबर्दस्त झगड़ा शुरू हो गया। उन्होंने बताया, ‘‘दोनों समूहों के तकरीबन तीन दर्जन कैदियों ने पेड़ की टहनियों से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया।’’

छिल्लर ने बताया कि झगड़ा रोकने का प्रयास कर रहे तीन वार्डन–सुरेंद्र, सोमनाथ और जयभगवान के साथ बदसलूकी की गई। उन्होंने बताया, ‘‘वार्डन को अंदरूनी चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन कैदी–रोहित, राजेश और एक अन्य भी घायल हुए हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में समूहों के बीच यह दूसरी लड़ाई है।

 

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक  करें।

 

 

Desk Team