सज्जन कुमार को दोषी करार देने पर न्यायप्रिय लोगों में खुशी: BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा

Summary :

सज्जन कुमार को दोषी ठहराने पर मोदी सरकार की तारीफ

दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने बुधवार को पूर्व कांग्रेस सांसद साजन कुमार को 1984 के सिख विरोधी दंगा मामले में दोषी ठहराया। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस पर खुशी जाहिर की है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “सामाजिक सद्भाव में विश्वास रखने वाला हर न्यायप्रिय व्यक्ति आज बेहद खुश है। आज हजारों परिवारों के चेहरे पर खुशी की लहर है। मोदी सरकार बनने के बाद इस मामले की जांच प्रक्रिया में तेजी आई। इस विषय में जो भी साक्ष्य मौजूद थे, उन्हें कोर्ट के समक्ष रखा गया, जिसके बाद कोर्ट ने सज्जन कुमार को दोषी ठहराया है। जब सज्जन कुमार को सजा सुनाई जाएगी, तब हजारों परिवारों को यह संतोष होगा कि देर से सही लेकिन न्याय मिला।”

उन्होंने कहा कि सिख विरोधी दंगों के आरोपियों को कांग्रेस की सरकारों ने संरक्षण देने का काम किया। यहां तक कि उन्हें मंत्री पद से नवाजने का काम किया। अदालत के फैसले के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की कलई खुल गई है। मुझे इस बात का संतोष है कि अदालत ने सज्जन कुमार को दोषी ठहराया है। हम अब 18 फरवरी का इंतजार करेंगे, जब सजा का ऐलान किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि आज 1984 के दंगों के दोषियों को सजा मिलने से कई सिखों का दर्द कम हुआ है। मैं अदालतों और खासकर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने इन मामलों को फिर से खोला है, जिन्हें पहले कांग्रेस सरकार, खासकर गांधी परिवार ने बंद कर दिया था।

राऊज एवेन्यू कोर्ट ने सज्जन कुमार को इस हत्याकांड में दोषी ठहराया है। दोषी ठहराने के बाद अब उनकी सजा पर 18 फरवरी को बहस होने वाली है। उस दिन अदालत इस पर विचार करेगी कि सज्जन कुमार को कितनी सजा दी जाए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.