नोएडा सेक्टर-24 में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक घायल, एक गिरफ्तार

Summary :

नोएडा सेक्टर-24 में पुलिस की जवाबी फायरिंग, बदमाश घायल

गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर-24 पुलिस और बदमाशों के बीच बुधवार को मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया और दूसरा गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा 12 फरवरी को सेक्टर-57 से सेक्टर-54 चौकी की तरफ जाने वाली सड़क पर चेकिंग की जा रही थी, तभी खोड़ा कॉलोनी से सेक्टर-54 की तरफ एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, जिसके बाद बदमाश असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गए और वहीं गिर गए।

इस दौरान, एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान अमन पाल (उम्र लगभग 23 वर्ष), निवासी राजवीर कॉलोनी, थाना गाजीपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। दूसरे बदमाश की पहचान राज चौहान (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी मयूर विहार फेस-3, थाना मयूर विहार, दिल्ली के रूप में हुई, जिसे कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से थाना सेक्टर-24 नोएडा पर दर्ज चोरी की एक मोटरसाइकिल पैशन प्रो बरामद हुई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

दोनों अभियुक्त शातिर अपराधी हैं और दिल्ली/एनसीआर क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। इनके खिलाफ अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि इन दोनों के खिलाफ दिल्ली समेत पूरे एनसीआर के अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.