भोपाल : मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने टि्वटर पर शिवराज सरकार को घेरा है। 40 दिन 40 सवालों की श्रंखला के पहले दिन नाथ ने मोदी सरकार द्वारा संसद में दिए गए आंकड़ों से मप्र की स्वास्थ्य सेवा की बदहाली को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार एक आदमी के इलाज पर केवल 716 रुपए खर्च करती है, जो सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का मात्र 1.04 फीसदी है।
नाथ ने संसद में 31 जुलाई 2018 को एक प्रश्न के जवाब में दी गई प्रदेश की स्वास्थ्य सेवा की जानकारी टि्वटर पर दी। पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने टि्वटर पर मोदी सरकार की जुबानी शिवराज सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए 20 अक्टूबर से 40 दिन 40 सवाल करने का एलान किया था। पहले दिन स्वास्थ्य विभाग की बदहाल व्यवस्था के 12 बिंदुओं को बताया गया। नाथ ने ट्वीट में कहा है कि शिवराज सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं की बिगड़ती तबीयत पर मोदी सरकार ने सवाल खड़ा किया है।
संसद में दिए गए लिखित प्रश्न के जवाब में केंद्र सरकार ने मप्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी व अन्य खामियों को बताया है। उन्होंने ट्वीट में शिवराज सरकार पर तंज भी कसा है कि हार की कगार पर मामा सरकार।


Download Android App
Download iOS App



