कारगिल शहीदों को प्रदेश भाजपा ने किया नमन

Summary :

मनोज तिवारी ने कहा कि भारत की सरजमीं पर जब-जब किसी ने गलत मंशा के साथ कदम रखने की कोशिश की है तो धरती मां के सच्चे सपूतों ने उन पैरों को उखाड़ कर सीमा से बाहर फेंक दिया है।

नई दिल्ली : कारगिल युद्ध के दौरान भारत की ऐतिहासिक विजय के सबसे बड़े भागीदार अमर जवान शहीदों को याद करते हुए शुक्रवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कारगिल विजय दिवस की 20वीं वर्षगांठ पर इंडिया गेट पर अमर जवानों को पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शहीदों को नमन कर मनोज तिवारी ने कहा कि भारत की सरजमीं पर जब-जब किसी ने गलत मंशा के साथ कदम रखने की कोशिश की है तो धरती मां के सच्चे सपूतों ने उन पैरों को उखाड़ कर सीमा से बाहर फेंक दिया है। 
कारगिल विजय दिवस भारत-पाकिस्तान के उस युद्ध की याद दिलाता है जिसमें पाकिस्तान ने मित्र बनकर भारत के साथ विश्वासघात करते हुए पीठ में छुरा घोंपने का काम किया था। देश की अखंडता व संप्रभुता को नुकसान पहुंचाने के इरादे से पाकिस्तान ने छुपकर धोखे से हम पर वार किया, लेकिन हमारे वीर शहीदों ने अपने सीनों को आगे कर गोलियां खाई, लेकिन दुश्मन को सीमा में घुसने नहीं दिया। 
तिवारी ने आगे कहा कि 2019 में पुनः प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी सरकार का पहला अहम निर्णय राष्ट्रीय रक्षा कोष के तहत पीएम छात्रवृत्ति योजना में स्वीकृत बड़े बदलाव, जिनमें आतंकी या माओवादी हमलों में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए बढ़ाई गई छात्रवृत्ति शामिल है। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान भारत के वीर सैनिकों के साथ पाकिस्तान की तरफ से क्रूर कार्रवाई की जाती थी, लेकिन सरकार चुप्पी साधे रखती थी, लेकिन मोदी सरकार के सत्ता में आते ही चाहे उरी की सर्जिकल स्ट्राइक हो या फिर पुलवामा के बाद एयर स्ट्राइक हो, हमारे वीर सैनिकों की वीरता ने पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया है। सेना वही है, लेकिन नेतृत्व का फर्क आज दुनिया मान रही है। 
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि भारत माता के वीर सपूतों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए सीमा की सुरक्षा में अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया। भारत माता की सच्ची सेवा करने वाले कारगिल विजय दिवस के सभी नायकों को दिल्ली भाजपा की ओर से शत-शत नमन है। 

Desk Team