मुंबई में भारी बारिश से डूबे ट्रैक, बदलापुर में 700 यात्रियों के साथ फंसी महालक्ष्मी एक्सप्रेस

Summary :

रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रेन में फंसे यात्रियों को बिस्किट, पानी जैसी जरूरी सामग्रियां बांट रहे हैं।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश के चलते बदलापुर में पूरी की पूरी ट्रेन सैलाब में फंस गई है।  ट्रैक पर पानी भरने से महालक्ष्मी एक्सप्रेस को बदलापुर और वानगनी के बीच रोक दिया गया है। सेंट्रल रेलवे ने इस बात की पुष्टि की है। यहां पानी इतना भर गया है कि एक्सप्रेस का डब्बा एक इंच भी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। 
ट्रेन के रोके जाने के कारण इसमें यात्रा कर रहे करीब 700 यात्री बुरी तरह फंस गए हैं। वही, एनडीआरएफ की टीम मौके पर रवाना हो गई है। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रेन में फंसे यात्रियों को बिस्किट, पानी जैसी जरूरी सामग्रियां बांट रहे हैं। 
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ इन्फर्मेशन ऐंड पब्लिश रिलेशन (डीजीआईपीआर) के ब्रिजेश सिंह ने बताया कि बदलापुर और वांगनी स्टेशनों के बीच फंसी महालक्ष्मी एक्सप्रेस के यात्रियों को सकुशल निकालने के लिए तीन नौकाएं वहां भेजी गई हैं।
 

वहीं, सेंट्रल रेलवे ने महालक्ष्मी एक्सप्रेस के यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वह ट्रेन से नीचे ना उतरें, ट्रेन सुरक्षित है।मौके पर एनडीआरएफ की 8 टीमों को रवाना किया गया और राहत एवं बचाव के लिए तीन नावों को भी भेजा गया है।

बता दें कि मुंबई में लगातार हो रही बारिश की वजह से रेल सेवा बुरी तरह प्रभावित है। मुंबई के बदलापुर स्टेशन के ट्रैक पर पानी भर गया है, जिसके चलते कई रेल सेवा को रोक दिया गया है। वहीं कई लोकल ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो आज मुंबई में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मुंबई से सटे इलाकों में भी बारिश का अलर्ट है।

Desk Team