छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करूणा शुक्ला ने आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश आगमन पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को आयातित नेताओं की आवश्यकता नहीं है। योगी आदित्यनाथ आज यहां इस विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के नामांकन पत्र दाखिले के लिए यहां आए हैं।
श्रीमती शुक्ला ने संवादाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि पार्टी प्रमुख राहुल गांधी ने उन पर विश्वास रखते हुए उन्हें जिम्मेदारी दी है, वे कार्यकर्ताओं से मिलकर चुनाव जीतेंगी और यहां के हितों की रक्षा करेंगी। श्रीमती शुक्ला ने मुख्यमंत्री डॉ। रमन सिंह पर स्वर्गीय वाजपेयी के नाम पर राजनीति करने का आरेप लगाते हुए कहा कि कि वे अस्थि कलश को लेकर राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिनकी लोकप्रियता कम हो, जिनके क्षेत्र के लोगों से नजदीकी कम हो, वही दूसरे प्रदेश के मुख्यमंत्री व नेताओं को बुलाकर अपनी कमजोरी को ताकत बताने का प्रयास करते हैं और कांग्रेस को ऐसे आयातित नेताओं की जरुरत नहीं। श्रीमती शुक्ला समेत जिले की अन्य पांच विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस प्रत्याशी भी आज ही अपना नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



