नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि दिल्ली के लोग जहरीला पानी पीने को मजबूर हैं, लेकिन दिल्ली जल बोर्ड साफ पानी तक मुहैया नहीं कर पा रहा है। भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा देश के 20 शहरों से पानी के नमूने लिए गए थे जिसमें दिल्ली 20वें स्थान पर है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के पास सिर्फ दिल्ली जल बोर्ड है, लेकिन दिल्ली में या तो पानी आता नहीं या दूषित पानी आता है। जहां पर जल बोर्ड साफ पानी भेजने का दावा करता है, वहां का पानी पीने लायक ही नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बुराड़ी, अशोक नगर और नंद नगरी सहित 11 स्थानों से बीआईएस द्वारा पानी के नमूने लिए गए थे जो पूरी तरह फेल हो गए।
ऐसा पानी स्वास्थ्य के लिए हानि कारक है और इसे लगातार पीने से कई गंभीर बीमारियां होने का खतरा बन जाता है, लेकिन दिल्ली में तमाम सुविधाएं देने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल दिल्ली के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हो गए हैं। दिल्ली भाजपा महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि जो सरकार जनता को पेयजल मुहैया कराने में असफल रही है उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



