दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जारी है मतदान , केजरीवाल, पूर्व उपराष्ट्रपति अंसारी समेत कई नेताओं ने डाला वोट

Summary :

मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइंस इलाके के राजपुरा परिवहन प्राधिकरण मतदान केंद्र में वोट दिया।

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान आज सुबह से जारी है। दिल्लीवासी ठंड की परवाह किए बगैर शनिवार को सुबह-सुबह मतदान केंद्रों के बाहर लाइन में खड़े रहे हैं। दिल्ली में 1.47 करोड़ लोग मतदान करने योग्य हैं और दिल्ली के मतदाता 672 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राम लाल मतदान के पहले घंटे में निर्माण भवन मतदान केंद्र के बाहर कतार में खड़े रहे।
मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइंस इलाके के राजपुरा परिवहन प्राधिकरण मतदान केंद्र में वोट दिया। नयी दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे केजरीवाल के साथ पत्नी सुनीता और बेटा पुलकित भी थे। मतदान के लिए जाने से पहले उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पश्चिम दिल्ली के सांसद परवेश वर्मा और दिल्ली भाजपा के प्रमुख मनोज तिवारी ने भी वोट दिया।


मतदान शुरू होने से कुछ मिनट पहले केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘वोट डालने जरूर जाइये। सभी महिलाओं से खास अपील- जैसे आप घर की जिम्मेदारी उठाती हैं, वैसे ही मुल्क और दिल्ली की जिम्मेदारी भी आपके कंधों पर है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी महिलायें वोट डालने जरूर जायें और अपने घर के पुरुषों को भी ले जायें। पुरुषों से चर्चा जरूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाताओं से राष्ट्रीय राजधानी को झूठ और वोटबैंक की राजनीति से ‘‘मुक्त’’ कराने की अपील की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली को स्वच्छ हवा, पीने का स्वच्छ पानी और हर गरीब को अपना घर देकर इसे विश्व की सबसे अच्छी राजधानी सिर्फ एक दूरदर्शी सोच व मजबूत इरादों वाली सरकार ही बना सकती है।’’ शाह ने कहा, ‘‘मैं दिल्ली की जनता से अपील करता हूं कि झूठ और वोट बैंक की राजनीति से दिल्ली को मुक्त करने के लिए मतदान अवश्य करें।’’


भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने भी सभी मतदाताओं से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की। नड्डा ने ट्वीट किया, ‘‘देश की एकता, अखंडता और दिल्ली के सम्पूर्ण विकास के लिए आपका एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। आपका वोट ही आपकी दिल्ली का सुनहरा भविष्य लिखेगा। ‘पहले मतदान, फिर जलपान’। जय हिंद।’’ एक अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे खत्म होगा। 

Desk Team