दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना संक्रमण के बीच दिल्ली सचिवालय में तीनों दिल्ली नगर निगमों के कमिश्नर और मेयर के साथ बैठक की और कोरोना के खिलाफ लड़ाई में साथ मिल कर काम करने की अपील की। इस बैठक में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वस्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन भी मौजूद रहे। सीएम अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी के कमिश्नर और मेयर के साथ दिल्ली में कोरोना की मौजूदा स्थिति का डेटा साझा करते हुए कहा, “इस समय दिल्ली में बहुत तेजी के साथ कोरोना का फैलाव हो रहा है। बीते मार्च के मध्य तक दिल्ली में 100 से 150 केस प्रतिदिन आ रहे थे, लेकिन आज 24 घंटे में 24 हजार केस आए हैं।”
“देश के लिए कोरोना की यह दूसरी लहर हो सकती है, लेकिन दिल्ली के लिए यह चौथी लहर है। दिल्ली में पहली लहर जून में आई थी, दूसरी लहर सितंबर में आई थी, तीसरी लहर नवंबर में आई थी और अब चौथी लहर आई है।” इस दौरान सीएम ने कहा , “आप सभी के साथ आज यह बैठक औचपारिक है, लेकिन एमसीडी के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है। आप सभी समझ सकते हैं कि अस्पतालों में बेड तो सीमित ही हैं। इसलिए अब बेड की भी कमी पड़ेगी। इस वक्त हमारे सामने जो स्थिति है, उसमें सबसे बड़ी समस्या बेड की है। साथ ही सभी संसाधनों की भी कमी हो जाएगी।”
सीएम ने कहा, “अभी जो एमसीडी से हमें सबसे ज्यादा जरूरत पड़ेगी, वह आपके अस्पतालों की है। जैसा कि आपने हिंदुराव अस्पताल को 400 बेड का करने की बात कही है। हमें इस वक्त आईसीयू बेड नहीं चाहिए, बल्कि ऑक्सीजन बेड चाहिए।” उन्होंने कहा, “अगर ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी है, तो हम ऑक्सीजन सिलेंडर देंगे। पीपीई किट की कमी है, तो हम आपको पीपीई किट देंगे। ऑक्सीजन सिलेंडर, पीपीई किट और ऑक्सीमीटर समेत जिन चीजों की कमी है, उन सभी कमियों को हम पूरा करेंगे। लेकिन इस समय जितने ज्यादा से ज्यादा ऑक्सीजन बेड हम दिल्ली में और तैयार कर सकते हैं, उतना हमें तैयार करना है।”
सीएम अरविंद केजरीवाल के अनुसार, एमसीडी के पास अपना बहुत बड़ा मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन पॉवर है। हम यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बड़े स्तर पर बेड बढ़ा रहे हैं। कॉमनबेल्थ गेम विलेज में हम खूब बेड लगा रहे हैं। बेड लगाना तो आसान है, लेकिन वहां पर डॉक्टर भी चाहिए, नर्सेज भी चाहिए और सारा सपोर्ट स्टाफ भी चाहिए। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “हमने केंद्र सरकार से निवेदन किया है कि हमें दिल्ली के अंदर डोर टू डोर वैक्सीनेशन करने दिया जाए। मुझे पूरी उम्मीद है कि केंद्र सरकार इसकी अनुमति देगी। केंद्र सरकार जैसे ही इसकी अनुमति देती है, हम दिल्ली में डोर टू डोर वैक्सीनेशन करेंगे।”


Download Android App
Download iOS App



