पूर्वी दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को सीमापुरी विधानसभा क्षेत्र के सुंदर नगरी इलाके में विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इसके तहत यहां सड़क और नालियां बनायी जाएंगी। जिनसे लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। वहीं शनिवार को सीएम ने ओखला विधानसभा की आठ कच्ची कॉलोिनयों में भी सीवर एवं गलियों के निर्माण कार्यों की शुरुआत की।
इस अवसर पर केजरीवाल ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार की तमाम बाधाओं और अड़चनों के बावजूद आप सरकार विकास के क्षेत्र में बेहतरीन काम कर रही है। सत्ता में आने का हमारा मुख्य उद्देश्य यही था कि दिल्ली को शिक्षित, स्वस्थ एवं समर्थ राष्ट्र बनाया जाए। दिल्ली सरकार सत्ता में आते ही दिल्ली की स्वास्थ्य मॉडल और शिक्षा मॉडल की तस्वीर ही बदल कर रख दी। आज दिल्ली में लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए मोहल्ला क्लीनिक खोला गया है जहां मुफ्त में इलाज और फ्री दवाइयां मुहैया कराई जाती हैं।
शिक्षा एवं स्वस्थ्य क्षेत्र के कामों की चर्चा आज विदेशों में हो रही है जो काम 70 सालों में नहीं हुआ वो हमने सिर्फ चार सालों में करके दिखाया। बेहतर सड़क, सस्ती बिजली, फ्री पानी, गली, नाली जैसी सुविधाएं हैं। देश की जनता अपने राजनेता से जिन बुनयादी सुविधाओं की उम्मीद करती है वो सारी सेवाएं दिल्ली सरकार जनता को मुहैया करा रही है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि आपने पिछली बार लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीटों पर भाजपा के सांसदों को जिताया, लेकिन इन सांसदों ने जनता के काम करने की बजाए, उल्टा दिल्ली सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित की कार्यों में अड़चने लगाने का काम किया। लेकिन इस बार दिल्ली की सातों सीटों पर आप के सांसदों को जिताना ताकि जनता के लिए दिल्ली सरकार जो काम कर रही है उनको और 10 गुना तेजी से किया जा सके।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे
सुंदर नगरी में निर्माण कार्यों की शुरुआत करने आए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और उनका विरोध किया। सुंदर नगरी मंडल के अध्यक्ष परमानंद कोली के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में करीब 200 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। परमानंद कोली ने कहा कि जिस जगह से केजरीवाल ने आंदोलन शुरू किया उस जगह का कोई विकास नहीं किया।
यहां की गलियां टूटी पड़ी हैं। इलाके में बिजली-पानी की समस्या है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने संतोष कोली की हत्या की जांच की मांग वाली तख्तियां भी अपने हाथ में ले रही थी। हालांकि उग्र होते प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बहां से तितर-बितर कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



