नई दिल्ली : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार को मटियाला विधानसभा की जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियां और केजरीवाल सरकार की नाकामियों की जानकारी दी। दिल्ली सरकार के झूठे वादे और आगामी चुनाव में दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए खतरनाक इरादों और साजिशों का पर्दाफाश किया। कांगनहेड़ी गांव में आयोजित दिल्ली संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता पुष्पराज यादव ने किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री संजय राय, निगम पार्षद पवन शर्मा, मुकेश सूर्यान समेत हजारों स्थानीय निवासी मौजूद थे। मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का सामाजिक जीवन झूठ, बेइमानी, वादा खिलाफी और साजिशों की परिस्थितियों में शुरू हुआ। इसीलिए उनकी कार्य संस्कृति में यह सब आम दिनचर्या की बात है। अन्ना आंदोलन से लेकर चुनाव से पहले गली-गली घर-घर घूमकर उन्होंने जो वादे किए थे उनको तार-तार कर उन्होंने न सिर्फ दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात किया। सत्ता हासिल करने के लिए अन्ना आंदोलन को बदनाम किया।
केजरीवाल ने सत्ता हासिल करने के लिए अपने बच्चों की झूठी कसम खाई उनसे दिल्ली की जनता के प्रति स्नेह और हितों की रक्षा की अपेक्षा कैसे की जा सकती है। लेकिन दिल्ली की जनता उनके झांसे में आ गई और ऐतिहासिक जन समर्थन देकर उन्हें सत्ता के शिखर तक पहुंचाया। तिवारी ने कहा कि दिल्ली को बिजली फ्री देने के झांसे में वह अपनी सत्ता देख रहे हैं। एक बड़ा सवाल खड़ा होता है कि जो प्राइवेट कंपनियां साढे 4 साल तक दिल्ली के लाखों-करोड़ों उपभोक्ताओं को लूटती रही वह बिजली फ्री कैसे दे रही है। असलियत में केजरीवाल कंपनियों के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



