जालंधर के एक बिशप फ्रेंको मुलक्कल द्वारा केरल की एक नन के यौन शोषण के मामले में केरल के विधायक का विवादास्पद बयान सामने आया है। मीडिया के साथ बातचीत में पीसी जॉर्ज नाम के इस विधायक ने पीड़ित नन को प्रॉस्टिट्यूट बता दिया। मीडिया से बातचीत में इस विधायक ने कहा, इसमें कोई संदेह नहीं कि वह एक प्रॉस्टिट्यूट है। 12 बार कोई चीज आपके लिए मजा है, तो 13वीं बार में वह आपके लिए रेप हो जाती है। जब उसके साथ 12 बार ऐसा हो रहा था तब वह कहां थी। तब उसने किसी से क्यूं नहीं कहा। जब यह पहली बार हुआ तब उसने शिकायत क्यों नहीं की।
वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नन का समर्थन कर रहीं सिस्टर अनुपमा ने बताया, ‘हम चर्च और सरकार के यहां दस्तक दे रहे हैं। हमारी मदद करने के लिए कोई नहीं है।’ बिशप की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन में भाग लेने वाली अन्य नन ने बताया, ‘आरोपी बिशप के पास केरल के अलावा पंजाब में राजनीतिक ताकत हैं। वह सभी को प्रभावित करने के लिए पैसों का इस्तेमाल कर रहा है।’ गिरफ्तारी की मांग वाली तख्तियां लिए प्रदर्शनकारी एक नन ने कहा, ‘हम अपनी सिस्टर के लिए लड़ रहे हैं। उसे चर्च, सरकार और पुलिस से न्याय नहीं मिला है। हम अपनी सिस्टर को न्याय दिलाने के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार हैं।
दूसरी तरफ एक अन्य जो विरोध प्रदर्शन में भाग लेने पहुंची उसने प्लेकार्ड पकड़ा था, जिसपर लिखा था, ‘कौन फ्रांसो का बचाव कर रहा है। हमें इंसाफ चाहिए। हमारी जिंदगी खतरे में हैं।’ ज्वाइंट क्रिस्चियन काउंसिल के वर्किंग प्रेसिडेंट जोर्ज जोसफ ने कहा, ‘प्रदर्शन राज्य सरकार और पुलिस के खिलाफ था। शिकायतकर्ता को सरकार से इंसाफ चाहिए। बिशब मुल्कल की गिरफ्तारी होनी चाहिए। एक बार वो गिरफ्तार हो जाए। तब चर्च को उसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मजबूर किया जाएगा। इसलिए सरकार को पहले एक्शन लेना चाहिए।’


Download Android App
Download iOS App



