बिहार के दरभंगा जिले में पदस्थापित एक पदाधिकारी ने स्थानीय सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर कीर्ति आजाद पर अमर्यादित और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। इस पर आजाद ने आश्चर्य प्रकट करते हुए मंगलवार को कहा कि या तो वह माफी मांगे अथवा मानहानि के लिए तैयार हो जाएं। दरभंगा जिले में गोपनीय शाखा में पदस्थापित विशेष कार्य पदाधिकारी पुष्पेश कुमार ने कीर्ति पर उक्त आरोप लगाते हुए इसकी लिखित शिकायत जिलाधिकरी से की है।
दरभंगा समाहरणालय की गोपनीय प्रशाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी पुष्पेश कुमार ने कहा है कि डीएम के आदेश से उन्होंने महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सांसद कीर्ति आजाद से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। उनसे कार्यक्रम में भाग लेने का अनुरोध किया। इतना सुनते ही सांसद ने बेवजह असंसदीय व अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।
कीर्ति आजाद फोन पर भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने कहा कि तुम्हारी औकात कैसे हुई मुझसे बात करने की, मैं 20 साल से एमपी हूं। जाओ मेरे पीए से बात करो। आहत पदाधिकारी ने लिखा है कि सांसद के इस कृत्य से उनके आत्मसम्मान को गहरी ठेस पहुंची है। यह पहली बार नहीं है जब कीर्ति आजाद के बोल बिगड़े हों। इससे पहले भी कई बात कीर्ति झा आजाद अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में आ चुके है।


Download Android App
Download iOS App



