दिल्ली की जिला अदालतों में वकीलों ने 2 नवंबर को पुलिस के साथ हुए टकराव के विरोध में सोमवार को भी काम का बहिष्कार किया। नयी दिल्ली जिला अदालत बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और ऑल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य आर के वाधवा ने कहा कि चूंकि वकील जज के समक्ष उपस्थित नहीं हुए, इसलिए जिला अदालतों में कोई काम नहीं हुआ। ऑल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट बार एसोसिएशन ने हड़ताल का आह्वान किया है।
ऑल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट बार एसोसिएशन के महासचिव धीर सिंह कसाना ने कहा कि रविवार को ऑल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट एसोसिएशन के सदस्यों, दिल्ली पुलिस के प्रतिनिधियों और उप राज्यपाल अनिल बैजल की बैठक में कोई समाधान नहीं निकल सका, जिसके चलते ये हड़ताल जारी रही।
कसाना ने कहा, ‘‘हमारे सहयोग के बावजूद वकीलों पर गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। इसलिए दिल्ली की सभी जिला अदालतों में पूरी तरह कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। हमारी मांग थी कि वकीलों पर गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया जाए।’’
दिल्ली में पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच दो नवंबर को पार्किंग विवाद के बाद से तनाव जारी है। इस टकराव में कम से कम 20 पुलिसकर्मी और कई वकील घायल हुए। इस टकराव के विरोध में छह जिला अदालतों के वकील चार नवंबर से हड़ताल पर हैं।


Download Android App
Download iOS App



