नई दिल्ली : दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने नई दिल्ली नगरपालिका परिषद और भारत सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संयुक्त प्रयास के अंतर्गत मंगलवार को मिंटो ब्रिज के पास बहुउद्देशीय सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। अनिल बैजल ने इस अवसर पर कहा कि नई दिल्ली को एक विश्वस्तरीय राजधानी शहर के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से एनडीएमसी ने अपने क्षेत्र की नागरिक सुविधाओं के लिए डिजिटल आधारभूत संरचनाएं स्थापित की हैं, ये अपने आप में एक उदहारण है। पालिका परिषद् की स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत पहले से चल रही नवोन्मेष परियोजनाएं हैं, उनमें सार्वजनिक वाई-फाई, स्मार्ट पोल्स, होम टू फाइबर, ई-लर्निंग, ई-अस्पताल योजनाएं शामिल हैं।
नई दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि यह बहुउद्देशीय सेवा केंद्र एनडीएमसी की डिजिटल सेवाओं का एक ही छत के नीचे ऐसा केंद्र होगा, जिसमें बिजली, पानी, संपत्तिकर, संपदा शुल्क के बिलों का भुगतान, भवन नक्शों का अनुमोदन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, हेल्थ लाइसेंस, बारात घरों की बुकिंग के साथ-साथ यहां केंद्र सरकार की सेवाओं जैसे पासपोर्ट, पैनकार्ड, रेल टिकट आदि सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। एनडीएमसी अध्यक्ष नरेश कुमार ने कहा कि यह बहुउद्देशीय सेवा केंद्र पालिका परिषद् और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का संयुक्त उपक्रम है।


Download Android App
Download iOS App



