एलएनजेपी : आधार के बिना इलाज से इंकार का आरोप

Summary :

लोक नायक अस्पताल में अपनी 6 साल की बच्ची का इलाज करा रही महिला ने आरोप लगाया कि दिल्ली का आधार कार्ड नहीं होने की वजह से बच्ची की MRI करने से इंकार कर दिया।

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार के सबसे बड़े लोक नायक अस्पताल  से एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है। अस्पताल में अपनी छह साल की बच्ची का इलाज करा रही एक महिला ने आरोप लगाया है कि दिल्ली का आधार कार्ड नहीं होने की वजह से अस्पताल ने बच्ची की एमआरआई करने से इंकार कर दिया। खास बात यह है कि दिल्ली सरकार ने इस अस्पताल को लेकर अभी तक ऐसा कोई आदेश नहीं दिया है। इमराना नाम की महिला का कहना है कि वह हापुड़ की रहने वाली है, लेकिन पिछले डेढ़ साल से वह दिल्ली में ही रह रही है। उसका कहना है कि उसकी छह वर्ष की बच्ची की पीठ पर जन्म से एक फोड़ा है, जो धीरे-धीरे बड़ा होता जा रहा है।

इमराना का कहना है कि जब तक वह हापुड़ में थी, तब तक वहीं इलाज करवाया, लेकिन दिल्ली आने के बाद लोक नायक अस्पताल में इलाज करवाना शुरू कर दिया। कुछ दिनों पहले डॉक्टरों ने बच्ची का एमआरआई करवाने के लिए कहा। इसके लिए जब वह एमआरआई विभाग में गई तो उन्होंने आधार कार्ड देखकर मना कर दिया। डॉक्टरों का कहना था कि आधार कार्ड हापुड़ का है इसलिए एमआरआई नहीं हो सकती।

अब टेलीकॉम कंपनियों को आधार ‌लिंक नही डी ‌लिंक करने होंगे

अस्पताल के ही वरिष्ठ डॉक्टरों का कहना है कि अभी तक अस्पताल में ऐसा कोई नियम नहीं है। दिल्ली के आधार कार्ड की जरूरत, दिल्ली आरोग्य कोष से मिलने वाली आर्थिक मदद के लिए होती है। हो सकता है महिला ने आरोग्य कोष से मदद के लिए आवेदन किया हो। अगर उन्हें इस बाबत कोई शिकायत मिलेगी तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली सरकार के ईडब्ल्यूएस कमेटी के सदस्य अशोक अग्रवाल बताते हैं कि दिल्ली सरकार मानवता के खिलाफ है और लोगों को बांटने में लगी है।

Desk Team