लॉकडाउन के चलेत देश की राजधानी दिल्ली में करीब 2 महीने बाद मंगलवार को ऑड-ईवन के फॉर्मूले के तहत कई बाजार खुले। इस दौरान कोरोना वारयस को फैलने से रोकने के लिए सैनिटाइजेशन किया गया और एक दूसरे से दूरी बनाने की कोशिश की गई। कनॉट प्लेस और खान मार्केट जैसे लोकप्रिय बाजारों में करीब आधे दिन सन्नाटा पसरा रहा जबकि तिलक नगर, करोल बाग और सरोजिनी नगर जैसे बाजारों में व्यापारी अपने दुकानों की सफाई करते हुए नजर आये।
तिलक नगर मेन मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील खत्री ने कहा, ‘‘चूंकि कई दुकानें 56 दिनों बाद खुली हैं, इसलिए कई लोग सफाई कर रहे हैं और चीजें सुव्यवस्थित कर रहे हैं। हमने पुलिस से हमें आज के लिए दुकानें खोलने देने का अनुरोध किया है। हम ऑड-ईवन फॉर्मूला पर दिल्ली पुलिस से और दिशानिर्देशों का इंतजार कर रहे हैं।’’ पुलिसकर्मी यह घोषणा करते हुए और दुकानदारों से अपील करते हुए दिखाई दिए कि वे सड़कों पर चीजें नहीं फैलाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि उनकी दुकानों के बाहर भीड़-भाड़ न हो।
मध्य दिल्ली के वाणिज्यिक केंद्र कनॉट प्लेस में व्यापारी एक दूसरे से दूरी सुनिश्चित करने के लिए अपनी दुकानों के आगे गोल घेरा बनाते नजर आये। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने कहा, ‘‘हम खुश हैं कि दुकानें 50 दिनों बाद अब खुल सकती हैं। हमने सभी व्यापारियों से मानक संचालन प्रक्रिया (थर्मल स्कैनिंग, सोशल डिस्टेंसिंग और हर वक्त मास्क लगाना) का पालन करने का अनुरोध किया है। ऐसा नहीं करने पर डीडीएमए कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है। सभी दुकानें दिशानिर्देश के अनुसार निर्धारित समय पर बंद हो जाएंगी ताकि सभी सात बजे की समयसीमा के अंदर सुरक्षित अपने घर पहुंच जाएं।’’
खान मार्केट में कुछ दुकानें खुलीं। वहां के कुछ व्यापारियों ने कहा कि ऑड-ईवन फॉर्मूला इस बाजार में प्रभावी तरीके से लागू नहीं किया जा सकता है। ऐसे में वे कोई तौर तरीका बनाने में जुटे हैं। करोल बाग का प्रसिद्ध गफ्फार मार्केट ऑड-ईवन आधार पर काम करने लगा। मंगलवार को विषम नंबर वाली दुकानें खुलीं। दुकानदार चीजें व्यवस्थित करने में व्यस्त रहे। लक्ष्मी नगर के मेन मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रद्युमन जैन कहा कि दुकानें ऑड-ईवन फार्मूले के अनुसार खुलेंगी।


Download Android App
Download iOS App



