दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाते हुए 5146 लोगों को हिरासत में लेकर 1018 वाहनों को सीज किया और 299 प्राथमिकी दर्ज की। इसके साथ ही 2319 क़र्फ्यू पास जारी किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क कार्यालय की ओर से बताया गया है कि दिल्ली पुलिस एक्ट की धारा 65 के तहत लोगों को हिरासत में लिया गया है और दिल्ली पुलिस एक्ट की ही धारा 66 के तहत वाहनों को जब्त किया गया है।
कोरोना वायरस (कोविड-19) जैसी महामारी की रोकथाम के लिए लागू किए गए लॉकडाउन के पहले दिन दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पुलिस ने 1012 मामले दर्ज किये थे।
गौरतलब है कि पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने सभी जिलों के पुलिस उपायुक्तों को कल निर्देश दिए थे कि वे अपने-अपने जिले के सभी थानाध्यक्षों को इलाके में लगातार गश्त करते रहने के निर्देश दें। बगैर जरूरी काम के लोगों को सड़कों पर न आने दें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 21 दिनों तक सख्ती से लॉकडाउन के आह्वान के बाद बुधवार से सड़कों पर बिना वजह निकलने वालों के खिलाफ और सख्ती अपनाई जा सकती है।


Download Android App
Download iOS App



