लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कोरोना संक्रमित, एम्स में भर्ती

Summary :

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद 20 मार्च को यहां एम्स कोविड केंद्र में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

दुनियाभर में कोरोना महामारी का कहर कायम है। इसी बीच कोरोना ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी अपनी चपेट में ले लिया है। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उन्हें 20 मार्च को दिल्ली के एम्स कोविड केंद्र में भर्ती कराया गया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने रविवार को एक बयान में बताया कि बिरला की हालत स्थिर है और उनके अहम अंग सामान्य तरीके से काम कर रहे हैं। 
अस्पताल के मुताबिक, 58 वर्षीय बिरला 19 मार्च को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। अगले दिन यानि 20 मार्च को उन्हें एम्स कोविड केंद्र में निगरानी के लिए भर्ती कराया गया। ओम बिड़ला की ओर से कहा गया है कि हाल में उनके संपर्क में आए लोग कोरोना की जांच कराएं, जिससे इस संक्रमण से बचा जा सकता है।   
पिछले कुछ दिनों से देश में कोरोना के मामलों में तेज़ी से वृद्धि देखी जा रही है। कोरोना के ताजा आंकड़े एक बार फिर से डरावनी तस्वीर पेश कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के 21 मार्च को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 43,846 नए कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। देश में सक्रिय मामलों की संख्या 3 लाख के पार जा चुकी है।

Desk Team