भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। इस सूची में 17 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण नाम मुरैना से सांसद और अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे अनूप मिश्रा का है, जिन्हें भितरवार से उम्मीदवार बनाया गया है।
वरिष्ठ भाजपा नेता जगत प्रकाश नड्डा के हस्ताक्षर से जारी भाजपा की दूसरी सूची में भितरवार से अनूप मिश्रा, कोलारस से वीरेंद्र रघुवंशी, बिजावर से पुष्पेंद्र नाथ पाठक, जबेरा से धर्मेद्र लोधी, अनूपपुर से रामलाल रौतेल, जबलपुर उत्तर से शरद जैन, जबलपुर पश्चिम से हरजीत सिंह बब्बू, बिछिया से शिवराज शाह, निवास से रामप्यारे कुलस्ते, मुलताई से राजा पंवार, बसौदा से लीना संजय जैन, कुरवाई से हरी सप्रे, ब्यावरा से नारायण पनवार, शुजालपुर से इंद्र सिंह परमार, पेटलावद से निर्मला भूरिया, उज्जैन दक्षिण से मोहन यादव और बडनगर से जितेंद्र पंड्या को उम्मीदवार बनाया गया है।
इस सूची के साथ ही भाजपा ने 230 विधानसभा क्षेत्रों में से 193 के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 176 उम्मीदवार थे, और अब दूसरी सूची में 17 उम्मीदवारों के नाम हैं। बता दें कि राज्य में 28 नवंबर को मतदान होना है जिनकी गिनती 11 दिसंबर को होगी। वहीं नामांकन प्रक्रिया दो नवंबर से शुरू हो गई है और 9 नवंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।


Download Android App
Download iOS App



