दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर राजधानी के आर्थिक विकास के संबंध में चर्चा की।
श्री सिसोदिया, जिनके पास वित्त विभाग भी है, 16 फरवरी को शपथ ग्रहण करने के बाद पहली बार शुक्रवार को श्रीमती सीतारमण से मुलाकात की। आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नीत नयी सरकार को विधान सभा में अपना पहला बजट पेश करना है।
श्री सिसोदिया ने श्रीमती रमण से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि चर्चा सकारात्मक रही और दोनों के बीच दिल्ली के आर्थिक विकास को लेकर विचार विमर्श हुआ।
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का लगातार तीसरी बार कार्यभार संभालने के बाद श्री केजरीवाल ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पहली बार मुलाकात की थी।
श्री केजरीवाल ने बाद में संवाददाता सम्मेलन में कहा श्री शाह के साथ मुलाकात अच्छी रही। उन्होंने कहा सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक हुई जिसमें ‘‘हमने विभिन्न मसलों पर चर्चा की। दोनों इस बात पर सहमत हुए कि दिल्ली के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर काम करने की जरूरत है और हम साथ मिलकर काम करेंगे।’’ मुख्यमंत्री ने शाहीनबाग के धरने को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि श्री शाह के साथ इस मसले पर कोई चर्चा नहीं हुई।


Download Android App
Download iOS App



