भाजपा की दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने प्रदूषण पर नियंत्रण पाने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार से ‘सुरक्षित’ रहने के लिए रविवार को लोगों के बीच मास्क वितरित करके सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।
श्री तिवारी ने कनाट प्लेस के सेंट्रल पार्क में लोगों को संबोधित करते हुए कहा,‘‘अरविंद केजरीवाल सरकार प्रदूषण को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों को भाज्ञ भरोसे छोड़ दिया है और बढ़ते प्रदूषण से लोगों का दम घूंट रहा है। प्रदूषण बढ़ने की वजह से लोग सुबह सैर पर जाने की बजाय घरों में रहना बेहतर समझ रहे हैं। बच्चे मास्क लगाकर स्कूल जाने पर विवश हैं और बढ़ते प्रदूषण के बीच लोग दफ्तर जाने पर मजबूर हैं।’’
उन्होंने कहा कि प्रदूषण को कम करना दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी है लेकिन यह सरकार ऐसा करने में पूरी तरह विफल है। श्री तिवारी ने कहा,‘‘ मास्क बांट कर हम सोयी हुए अरविंद केजरीवाल सरकार को जगा रहे हैं। काम करने की बजाय यह सरकार विज्ञापनों में प्रदूषण कम करने का दावा कर रही है। प्रधानमंत्री वर्ष 2014 से प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण दिल्ली में प्रदूषण में कमी आयी है और श्री केजरीवाल देश और विदेश में इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली के लोगों का पता है कि कौन काम कर रहा है और कौन झूठ बोल रहा है।
श्री तिवारी ने कहा,‘‘ दिल्लीवासी विधानसभा चुनावों में इस बार भारतीय जनता पार्टी को वोट देंगे ताकि भाजपा सरकार दिल्ली के रूके हुए कामों को तेजी से पूरा कर सके।


Download Android App
Download iOS App



