नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर कई कांग्रेसी नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। इस मौके पर केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी की टोपी और पटका पहनाकर सभी का स्वागत किया। इस दौरान आप के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक भी मौके पर मौजूद रहे।
आप पार्टी में मुख्य रूप से सेवादल के ब्लॉक अध्यक्ष सतीश दीक्षित, पूर्वांचल विंग के ब्लॉक अध्यक्ष आरपी गायक, पूर्वांचल विंग के ब्लॉक उपाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप शामिल हुए। इस मौके पर सतीश ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करते हुए आश्वासन दिया कि विकास की जो नीति अरविंद केजरीवाल दिल्ली में लेकर चले हैं, हम सब मिलकर उसको दिल्ली के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम करेंगे। दिल्ली सरकार द्वारा जनता के हितों में जो भी सकारात्मक फैसले लिए जा रहे हैं, हम जनता तक उसका लाभ पहुंचाने में आपके साथ पूरी ईमानदारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।
आरपी गायक ने कहा कि आज दिल्ली में हर क्षेत्र में जो विकास हो रहा है वह देश के किसी भी राज्य में नहीं हो रहा है। रामजीलाल कश्यप ने कहा कि दिल्ली में पिछले 5 साल में जो विकास के कार्य हुए वह पिछले 70 सालों में नहीं हो पाए। अरविंद केजरीवाल की सकारात्मक नीतियों से प्रभावित होकर मैंने आम आदमी पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया।


Download Android App
Download iOS App



