ईस्ट दिल्ली के मयूर विहार फेस-3 इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रविवार सुबह करीब 5:00 बजे अज्ञात लोगों ने लाठी और डंडों से पीटकर एक शख्स की हत्या कर दी। हालांकि अभी हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान नहीं हो पाई
यह मामला ईस्ट दिल्ली के न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच में लग गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं। हालांकि, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदा लोगों की लिस्ट खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
#WATCH | Delhi: The body of a man was found in Mayur Vihar Phase 3, under the jurisdiction of the New Ashok Nagar police station in East Delhi. A police team is present at the scene and conducting an investigation. Further details awaited: Delhi Police pic.twitter.com/L27NzskCSR
— ANI (@ANI) September 6, 2026
चश्मदीद सिक्योरिटी गार्ड ने क्या बताया?
चश्मदीद सिक्योरिटी गार्ड नंदलाल ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे जब वे बाथरूम से लौट रहे थे, तो उन्होंने कुछ युवकों को एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटते हुए देखा। जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की। आरोपियों ने गार्ड को जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। जान बचाने के लिए गार्ड ने तुरंत वहां से हटकर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन पर पूरी घटना की जानकारी दी।
CCTV से मिला सुराग, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके के आस-पास के CCTV खंगाले। CCTV फुटेज में दो लोग एक शख्स को डंडों से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश, लूटपाट या किसी अन्य विवाद का लग रहा है, लेकिन असली वजह आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस मृतक की जल्द से जल्द पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




