ED ने AAP नेता दुर्गेश पाठक को किया समन, सिसोदिया बोले-इनका टार्गेट शराब नीति या MCD चुनाव?

Summary :

दिल्ली में कथित शराब घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आप के एमसीडी चुनाव प्रभारी दुर्गेश पाठक को आज तलब किया है।

दिल्ली में कथित शराब घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब आप के एमसीडी चुनाव प्रभारी दुर्गेश पाठक को आज तलब किया है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
 उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट में लिखा, “आज ED ने “आप” के MCD के चुनाव इंचार्ज दुर्गेश पाठक को समन किया है। दिल्ली सरकार की शराब नीति से हमारे MCD चुनाव इंचार्ज का क्या लेना देना? इनका टार्गेट शराब नीति है या MCD चुनाव?”


आपको बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को केंद्र सरकार पर ज़ोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपीअपने ऑपरेशन ‘लोटस ‘को कामयाबी नहीं दिला पाई। दिल्ली में सरकार तोड़ने की कोशिश हुई, लेकिन यह कोशिश नाकाम साबित हुई है।  

पार्टी के निर्वाचित प्रतिनिधियों के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी इस कदर बौखला गई है कि ‘‘प्रधानमंत्री के सलाहकार हिरेन जोशी ने कई टीवी चैनलों के मालिकों तथा उनके संपादकों को गंभीर नतीजे भुगतने की चेतावनी देते हुए गुजरात में आप को कवरेज न देने को कहा है।’’
शराब घोटाले को लेकर दिल्ली सरकार पर हमलावर BJP
शराब घोटाले को लेकर बीजेपी लगातार आम आदमी पार्टी पर हमलावर है। पार्टी अब तक दो स्टिंग वीडियो जारी कर आप सरकार पर बड़े आरोप लगा चुकी है। वहीं बीते शुक्रवार को ईडी ने हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई समेत देशभर में 40 ठिकानों पर छापेमारी की। जिसमें अकेले हैदराबाद में ही 25 स्थान शामिल थे।

Desk Team