दिल्ली में तापमान में भारी गिरावट, 6.4 डिग्री सेल्सियस किया दर्ज

Summary :

मौैसम विभाग का अनुमान दिल्ली में छाएगा घना कोहरा

दिल्ली में कड़ाके की ठंड से तापमान में काफी गिरावट देखी गई, जिससे शहर में शीत लहर और खराब मौसम की स्थिति बनी रही। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में आज सुबह 5.30 बजे 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

घने कोहरे का अनुमान

दिल्ली में आज तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई वहीं कुछ दिनों पहले दिल्ली में सुबह 5.30 बजे तापमान 8 डिग्री से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने दिल्ली में कई जगह घना कोहरा छाने का अनुमान लगाया है। जैसे-जैसे शीत लहर जारी रही, कई बेघर व्यक्तियों ने रैन बसेरों में शरण ली। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) ने बेघरों को आश्रय देने के लिए 235 पैगोडा टेंट स्थापित किए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में एम्स, लोधी रोड और निजामुद्दीन फ्लाईओवर सहित कई स्थानों पर रैन बसेरे भी बनाए गए हैं।

दिल्ली की हवा हुई खराब
राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गुणवत्ता मामूली अंतर से ही सही, लेकिन खराब स्तर पर पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सुबह सात बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 299 रहा। बता दें कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने वायु गुणवत्ता सूचकांक में उल्लेखनीय सुधार के बाद दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के तहत स्टेज-III की कार्रवाई को रद्द कर दिया।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।