नई दिल्ली : गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी और बीटिंग रिट्रीट यानी 29 जनवरी को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी और कुछ स्टेशनों को बंद रखा जायेगा। दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली पुलिस की सलाह के अनुसार केन्द्रीय सचिवालय तथा उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे।
पटेल चौक और लोक कल्याण मार्ग स्टेशन भी सुबह पौने नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे। हालाकि केन्द्रीय सचिवालय स्टेशन पर ट्रेन बदलने की सुविधा रहेगी। जब परेड तिलक ब्रिज से गुजरेगी उस समय मंडी हाऊस और प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशनों पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी जायेगी। हालाकि इसका वास्तविक समय पुलिस नियंत्रण कक्ष द्वारा तय किया जायेगा। जब ट्रेनों का आवागमन बंद रहेगा उस समय नोएडा तथा वैशाली से द्वारका की ओर जाने वाली ट्रेन तीन लूप में चलायी जायेंगी। पहला लूप नोएडा सिटी सेंटर से इन्द्रप्रस्थ, दूसरा वैशाली से यमुना बैंक और तीसरा द्वारका सेक्टर 21 से बाराखंबा रोड होगा।
कशमीरी गेट से एस्कोर्ट मुजेसर लाइन के आईटीओ, दिल्ली गेट, लाल किला और जामा मस्जिद स्टेशन दिन भर खुले रहेंगे लेकिन इनके कुछ प्रवेश द्वार सुबह संचालन के समय से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे। बंद रहने वाले प्रवेश द्वार इस प्रकार हैं। आईटीओ गेट नं 3 और 4, दिल्ली गेट गेट नं 1, 4 और 5, लाल किला गेट नं 1 और 4, जामा मस्जिद गेट नं 3 और 4 नम्बर। प्रवक्ता ने कहा कि बीटिंग रिट्रीट समारोह यानी 29 जनवरी को केन्द्रीय सचिवालय तथा उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन दोपहर दो बजे से शाम 6 बजकर 30 मिनट तक बंद रहेंगे। हालाकि यात्री केन्द्रीय सचिवालय पर ट्रेन बदल सकेंगे। मेट्रो की सभी पार्किंग 25 जनवरी को सुबह 6 बजे से 26 जनवरी को दोपहर 2 बजे तक बंद रहेंगी।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



