मध्यप्रदेश में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश कार्यालय से दूर, शहर से बाहर मीडिया सेंटर बनाए जाने पर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने अपने गोरखधंधे को मीडिया से छुपाने के लिए अपने कार्यालय से दूर मीडिया सेंटर बनाया है।
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने शनिवार को एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि अपनी हार देखते हुए भाजपा बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करने जा रही है। इसकी रणनीति तैयार कर ली गई है। चुनाव में गोरखधंधे का अड्डा भाजपा का दीनदयाल परिसर स्थित मुख्यालय होगा, जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी डेरा डालेंगे। वहां साजिश और सत्ता का एक बड़ा समागम चुनाव के दौरान होगा।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मीडिया के जाने से भाजपा की असलियत उजागर न हो, इसलिए मीडिया सेंटर को भाजपा कार्यालय से दूर रखने की यह साजिश रची गई। नेता प्रतिपक्ष सिंह ने आगे कहा कि अपवादों को छोड़ दें तो सभी पार्टी कार्यालयों में ही मीडिया सेंटर होते हैं। दीनदयाल परिसर में मीडिया की सारी सुविधाएं हैं, उसके बाद भी नया मीडिया सेंटर बनाया गया है। भाजपा अपने कार्यालय को चुनाव प्रभावित करने के लिए धन-बल और सत्ता के दुरुपयोग का एक बड़ा अड्डा बनाने जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



