मुखर्जी नगर ऑटो चालक हमला: पुलिस को बल प्रयोग करने से रोकने के लिए याचिका दायर

Summary :

मुखर्जी नगर इलाके में एक ऑटो रिक्शा चालक और उसके बेटे पर पुलिस के कथित हमले की एक हालिया घटना के मद्देनजर यह याचिका दायर की गई।

दिल्ली उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर कर दिल्ली पुलिस के अत्यधिक बल प्रयोग पर रोक लगाने और लोगों से पुलिस के सौहार्द्रपूर्ण संबंध को कायम रखने के लिए निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है।  राष्ट्रीय राजधानी के मुखर्जी नगर इलाके में एक ऑटो रिक्शा चालक और उसके बेटे पर पुलिस के कथित हमले की एक हालिया घटना के मद्देनजर यह याचिका दायर की गई। 
यह याचिका (पीआईएल) मुख्य न्यायाधीश डी एन पटेल और न्यायमूर्ति हरि शंकर के समक्ष सोमवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध की गई है। याचिकाकर्ता ने पुलिस के अत्यधिक बल प्रयोग को रोकने के लिए दिए गए सुझावों को लागू करने और पुलिस के कामकाज की निगरानी का निर्देश देने की मांग की है।
यह याचिका अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता अमित साहनी ने दायर की है। गौरतलब है कि 16 जून को ऑटो रिक्शा चालक सरबजीत सिंह और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प की कई वीडियो क्लीप सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसमें कई पुलिसकर्मी उन्हें और उनके बेटे को बेरहमी से पीटते नजर आ रहे थे। इस घटना के बाद तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था। 

Desk Team