पुणे : महाराष्ट्र की एक अदालत ने रविवार को दो बिल्डरों को दो जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। दोनों को कोंधवा इलाके में दीवार ढहने के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था जिसमें 15 मजदूरों की मौत हो गई थी।
एलकॉन लैंडमार्क्स के डेवलपर्स एवं पार्टनर विपुल अग्रवाल और विवेक अग्रवाल को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। एक हाउसिंग सोसायटी की 22 फुट ऊंची दीवार का एक हिस्सा मूसलाधार बारिश के कारण नजदीक की झोपड़ियों पर ढहने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया।
हाउसिंग सोसायटी एलकॉन स्टाइलस की दीवार शनिवार को गिरने से कम से कम 15 लोग मारे गए और दो जख्मी हो गए। पुलिस ने दो निर्माण कंपनियों एलकॉन लैंडमार्क्स और कांचन रॉयल एक्जाटिका के डेवलपर के खिलाफ मामला दर्ज किया था और शनिवार की शाम को विपुल और विवेक को गिरफ्तार कर लिया था। अभियोजन ने अदालत से कहा कि मामले की जांच के लिए आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने की जरूरत है।
पुलिस ने अदालत से यह भी कहा कि उन्हें कुछ दस्तावेज और एलकॉन स्टाइलस भवन का मानचित्र जब्त करने की जरूरत है और जांच करने की आवश्यकता है कि डेवलपर ने दीवार बनाने का ठेका किसे दिया था। बहरहाल, बचाव पक्ष के वकील संजय अग्रवाल ने पुलिस हिरासत की मांग का विरोध करते हुए कहा कि यह गैर इरादतन हत्या का मामला नहीं हो सकता है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद न्यायाधीश ने आरोपियों को दो जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।


Download Android App
Download iOS App



