नयी दिल्ली : पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने जेएनयू के कुलपति एम जगदीश कुमार को हटाये जाने की मांग करते हुए कहा कि यह स्तब्ध करने वाली बात है कि वे कुलपति विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि की समस्या के समाधान के लिये सरकार के प्रस्ताव को लागू करने को तैयार नहीं हैं ।
— Murli Manohar Joshi (@drmmjoshibjp) January 9, 2020
जोशी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ ऐसी रिपोर्ट है कि एचआरडी मंत्रालय ने जेएनयू के कुलपति को विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के मुद्दे के समाधान के लिये कुछ व्यवहार्य फार्मूला को लागू करने के लिये दो बार सुझाव दिया । उन्हें छात्रों और शिक्षकों से संवाद करने का सुझाव दिया गया । ’’
उन्होंने कहा, ‘‘ यह स्तब्धकारी है कि कुलपति सरकार के प्रस्ताव को लागू नहीं करने पर आमदा है । यह व्यवहार निंदनीय है और मेरे विचार से कुलपति को इस पद पर नही बने रहने देना चाहिए । ’’ इससे पहले, मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के कुलपति एम जगदीश कुमार को हटाना समाधान नहीं है । जेएनयू परिसर में रविवार कुछ नकाबपोशों ने परिसर में प्रवेश कर छात्रों तथा शिक्षकों पर हमला कर दिया था। बाद में प्रशासन को पुलिस को बुलाना पड़ा था। इसके बाद कुलपति को पद से हटाने की मांग की जाने लगी है।


Download Android App
Download iOS App



