नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों से मिलने की नयी परंपरा शुरू करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक नयी पहल की। गणतंत्र दिवस की पुरानी परंपरा को तोड़ते हुए ‘मोदी-मोदी’ के नारों के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने परेड खत्म होने के बाद राजपथ पर चहलकदमी की और मौजूद दर्शकों का अभिवादन किया। केसरिया, लाल और हरे रंग का साफा बांधे मोदी का मौजूद दर्शकों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे और हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी उन्हें निराश नहीं किया और राजपथ पर चहलकदमी करते हुए दर्शकों का अभिवादन किया।
मोदी का सुरक्षा घेरा उनके साथ गति बनाने की कोशिश करता नजर आया और उनके वाहनों का काफिला कुछ दूर तक उनके पीछे चला। मोदी ने सलामी मंच के विपरीत दिशा में बैठे दर्शकों का भी अभिवादन किया। वह राजपथ के दूसरी तरफ जाकर दर्शकों का अभिवादन करते नजर आए। पिछले साल मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले में आयोजित समारोह में भी अपने सुरक्षा घेरे से बाहर जाकर वहां मौजूद बच्चों से मुलाकात की थी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



