कृषि कानून के खिलाफ दिल्ली सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन के बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत शनिवार को भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत करने गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे। दरअसल, हर माह की 17 तारीख को भाकियू मुख्यालय सिसौली में मासिक पंचायत की जाती है।
चौधरी नरेश टिकैत ने बताया कि सिसौली में होने वाली मासिक पंचायत किसान आंदोलन जारी रहने तक गाजीपुर बार्डर पर ही होगी। नरेश टिकैत ने यहां पहुंचकर सबसे पहले किसानों की शहादत की यादगार ‘अमर ज्योति’ पर जाकर देशी घी चढ़ाकर मत्था टेका और फिर अपने पिता और भाकियू के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की तस्वीर को नमन करते हुए आशीर्वाद लिया।
इस दौरान भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि, दिल्ली में बैठी सरकार कुछ सरमायेदारों के हित में काम कर रही है और इसी के फेर में किसानों से सौतेला व्यवहार कर रही है। यदि ऐसा ना होता तो पांच माह तक इस देश के किसान सड़कों पर न पड़े रहते। इतना लंबा समय हो गया है, अब तक कुछ ना कुछ सुनवाई होनी चाहिए थी। किसान दिल्ली के चारों तरफ आंदोलनरत हैं यहां तक कि उपवास पर रह कर अपनी बात पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
15 अप्रैल को हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यन्त चौटाला के द्वारा देश के प्रधानमंत्री को किसानों के हित में लिखे गए पत्र की सराहना करते हुए नरेश टिकैत ने कहा कि, ईश्वर करे इस पत्र का सकारात्मक नतीजा निकले। अगर सरकार की कोई मजबूरी है तो हमें बताने का कष्ट करें, हो सकता है उस समस्या का समाधान हमारे पास ही हो, लेकिन चुप बैठ कर सरकार अपना मजाक बनवा रही है।


Download Android App
Download iOS App



