पश्चिम बंगाल के छह जिलों में 45 विधानसभा सीटों पर पांचवें चरण में हो रहे चुनाव के दौरान शाम पांच बजे तक कम से कम 78.36 प्रतिशत मतदान हो चुका था। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरिज आफताब ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा 81.73 प्रतिशत मतदान जलपाईगुड़ी जिले में देखने को मिला, उसके बाद पूर्वी बर्धमान (81.72 प्रतिशत), नादिया (81.57 प्रतिशत), उत्तर 24 परगना (74.83 प्रतिशत), दार्जीलिंग (74.31 प्रतिशत) और कलिमपोंग (69.56 प्रतिशत) हैं।
मुख्य निर्वाचन कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “कुछ जगहों पर हिंसा की थोड़ी बहुत घटनाओं को छोड़कर मतदान लगभग शांतिपूर्ण रहा।” अधिकारियों ने कहा कि विधाननगर के शांतिनगर इलाके में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में आठ लोगों के घायल होने की खबर है जबकि सिलिगुड़ी में एक मतदान केंद्र के बाहर टीएमसी और माकपा समर्थकों के बीच धक्कामुक्की हुई।
उन्होंने बताया कि उत्तर 24 परगना के बिजपुर में विपक्षी दल द्वारा मतदाताओं को बूथ में जाने से रोके जाने के आरोप के बाद टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हुई। निर्वाचन आयोग ने शनिवार के मतदान के लिये केंद्रीय बलों की कम से कम 853 कंपनियों को तैनात किया था। केंद्रीय बल की एक कंपनी में अधिकारियों समेत करीब 100 कर्मी होते हैं।


Download Android App
Download iOS App



