Delhi में गर्मी से निपटने के लिए NDMC की ग्रीष्मकालीन कार्ययोजना 2025 जारी

Summary :

ग्रीष्मकालीन कार्ययोजना 2025: NDMC ने बढ़ाई जल टैंकरों की संख्या

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने सोमवार को ‘ग्रीष्मकालीन कार्ययोजना 2025’ का अनावरण किया। इसमें गर्मियों की चुनौतियों से निपटने के लिए नई जल वितरण योजनाएं, अतिरिक्त जल टैंकर, पाइपलाइन सुधार और जल गुणवत्ता निगरानी जैसे उपाय शामिल हैं।

चहल ने कहा कि एनडीएमसी को दिल्ली जल बोर्ड से लगभग 125 एमएलडी और ट्यूबवेल से 2.08 एमएलडी पानी मिलता है और इसने गोल मार्केट, राष्ट्रपति भवन और संसद भवन, नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक, आरएमएल अस्पताल, मंदिर मार्ग और कनॉट प्लेस सहित पानी की कमी वाले क्षेत्रों की पहचान की है।

Gazipur में युवक की हत्या पर बवाल, दो आरोपी हिरासत में

उन्होंने बताया राष्ट्रपति भवन और संसद भवन के लिए सातों दिन 24 घंटे आरक्षित जल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और आपात स्थिति में एनडीएमसी तत्काल आपूर्ति के लिए पानी के टैंकर तैनात करेगी।

उन्होंने कहा कि गर्मियों से पहले एनडीएमसी के जल वितरण सिस्टम को मजबूत किया गया है और निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार और दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के साथ समन्वित प्रयास किए गए हैं। एनडीएमसी क्षेत्र में कुल 18,366 जल उपभोक्ता हैं, जिनमें 3,509 वाणिज्यिक कनेक्शन, 11,846 घरेलू कनेक्शन और 3,011 अन्य प्रकार के कनेक्शन शामिल हैं।

चहल ने कहा कि एनडीएमसी को चार प्रमुख जल उपचार संयंत्रों से पानी मिलता है। जो चंद्रावल जल संयंत्र (यमुना नदी), वजीराबाद जल संयंत्र (यमुना नदी), हैदरपुर जल संयंत्र (मुनक नहर, दिल्ली कैंट जलाशय) और सोनिया विहार जल संयंत्र (उत्तर प्रदेश से गंगा जल) हैं।

‘ग्रीष्मकालीन कार्य योजना 2025’ के हिस्से के रूप में, नागरिक एजेंसी पानी के टैंकरों की संख्या बढ़ाने की योजना बना रही है। एनडीएमसी ने 8 नए वाटर टैंकर किराए पर लेने और 12 नए सीएनजी वाटर टैंकर (छह 17 केएलडी क्षमता वाले और छह 9 केएलडी क्षमता वाले) खरीदने का फैसला किया है। एनडीएमसी के मौजूदा वाटर टैंकरों में 10 बड़े वाटर टैंकर (9,000 लीटर क्षमता वाले), 23 वाटर ट्रॉलियां (5,000 लीटर क्षमता वाले) और 2 ट्रैक्टर-टैंकर शामिल हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.