बिहार के कई सारे नेता इन दिनों शारदीय नवरात्रि के मौके पर भक्ति में लीन हैं। इसी कड़ी में बुधवार को महाष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के बड़ी पटनदेवी मंदिर, छोटी पटनदेवी मंदिर और शीतला मंदिर सहित कई मंदिरों के दर्शन किए। नीतीश सुबह सबसे पहले बड़ी पटना देवी पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना कर राज्य की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय विधायक और बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव भी थे। इसके बाद वे छोटी पटन देवी और शीतला मंदिर पहुंचे। इससे पहले सप्तमी के दिन भी नीतीश ने पटना के खाजपुरा, शेखपुरा, दुर्गा आश्रम और डाक बंगला स्थित दुर्गा पूजा पंडालों में जाकर मां दुर्गा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
नवरात्रि की सप्तमी में पंडालों के पट खुलने के बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी बोरिंग रोड स्थित पूजा पंडालों में गए और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्रि और दशहरा की शुभकामनाएं दी।
सप्तमी के मौके पर मंगलवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा डाक बंगला, कुम्हरार, कृष्णानगर सहित विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचे और उन्होंने मां दुर्गा की अराधना की।


Download Android App
Download iOS App



