नारनौल : हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गोपाल शरण गर्ग की कथित अश्लील सीडी प्रकरण में मंगलवार को नारनौल में सैंकडों महिलाओं प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पूर्व महिलाएं सब्जी मंडी के पास स्थित राव बंशीसिंह पार्क में एकत्रित हुई। यहां से महिलाएं हाथों में चेयरमैन के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां लेकर एडवोकेट पंकज किरोडीवाल के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुई आजाद चौक, मानक चौक, पुल बाजार व महाबीर चौक से डीसी कैंप कार्यालय पहुंची। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपकर गोपाल शरण गर्ग की कथित सीडी की जांच करवाकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा नारनौल की सनातन धर्म सभा, एएसडी स्कूल व एमएएसडी स्कूल संस्थाओं पर तुरंत प्रभाव से रिसीवर बैठाने की मांग की।
डीसी को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि गोपाल शरण गर्ग की कथित वायरल सीडी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। महिलाओं ने कहा है कि इस व्यक्ति को वे काफी धार्मिक विचारों वाला मानती थी। इसलिए इसके आयोजित अनेक धार्मिक कार्यक्रमों में भाग भी लेती थी, लेकिन अब एक वायरल सीडी में यह व्यक्ति एक महिला के साथ अनैतिक कार्य करता हुआ दिखाया जा रहा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इस व्यक्ति ने 1995 से शहर की 36 बिरादरी की संस्था सनातन धर्म सभा पर अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों को काबिज किया हुआ है। संस्था की करीब डेढ़ सौ करोड की निजामपुर रोड पर ऑन रोड 29 बीघा जमीन को केवल मात्र 100 रुपये प्रति सालाना किराया लीज पर लिख दिया है।
चेयरमैन अश्लील सीडी प्रकरण में आरोप-प्रत्यारोप शुरू
जो शहर की जनता के साथ एक बड़ा धोखा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि सनातन धर्म सभा संस्था के तहत दो स्कूल चलाए जा रहे हैं। जिनमें काफी संख्या में छात्राएं पढ़ती है और महिला शिक्षिकाओं का स्टाफ है। अब गोपाल शरण गर्ग की सीडी वायरल के बाद छात्राओं व शिक्षिकाओं में भय बना हुआ है। इसलिए इन संस्थाओं से इस व्यक्ति को हटाकर इन पर रिसीवर बैठाना जरूरी हो गया है। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि नारनौल शहर के दो मार्गों पर गोपाल शरण गर्ग के चेयरमैन पद वाले हजारों रुपये की राशि से सरकारी खर्चे पर बोर्ड लगाए गए हैं।
गर्ग ने अब इस्तीफा सरकार को सौंप दिया है तो इन बोर्डों को हटवाकर नगर परिषद द्वारा अपने कब्जे में लिया जाये। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि 36 बिरादरी की संस्थाओं को इस व्यक्ति से नहीं बचाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में गीता, कृष्णा, सुनीता, रामकला, नैनू देवी, सावित्री, इंद्रावती, सरिता, बिमला, नारायणी, सुमन, कृष्णा व राखी आदि महिलाओं ने हस्ताक्षर किए हैं।
– रामचन्द्र सैनी


Download Android App
Download iOS App



