जिसका मन गंदा हो, उसके लिए किसी का महत्व नहीं : मनोज तिवारी

Summary :

महाकुंभ स्नान के बाद अयोध्या पहुंचे मनोज तिवारी, विपक्ष पर साधा निशाना

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने विपक्षी दलों पर गंगा को लेकर सवाल उठाने पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिसका मन गंदा हो, उसके लिए यह सब किसी महत्व का नहीं लगता है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी सोमवार को महाकुंभ स्नान के बाद रामलला का दर्शन करने अयोध्या पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ को लेकर विपक्ष के सवाल खड़े करने पर कहा कि जिसका मन ही गंदा हो तो उसके लिए किसी महत्व का नहीं है। विपक्ष के लोगों की यही बुद्धि तो अपने कर्म को पा रही है। दिल्ली के चुनाव को लेकर सांसद ने कहा कि भगवान की बड़ी कृपा है। दिल्ली में भाजपा की सरकार बन गई। हम सब लोगों की मेहनत और मोदी जी की गारंटी की वजह से दिल्ली में भाजपा की वापसी हुई है।

दिल्ली सरकार के बजट पर उन्होंने कहा कि अच्छी-अच्छी बातें सुनने को मिलेंगी। आयुष्मान योजना लागू हो गई है। सीएजी रिपोर्ट आ जाएगी। महिलाओं को 2,500 रुपये देने का वादा है, उसकी सूची बन रही है। जो कहा है, उससे बढ़कर पूरा करेंगे। यमुना की सफाई का कार्य चल रहा है। अगले तीन वर्षों में जैसे गंगा जी साफ हैं, वैसे ही यमुना जी मिलेंगी।

उधर, महाकुंभ का मेला खत्म होने में महज दो दिन शेष है। ऐसे में सोमवार को भी आस्था का जनसैलाब उमड़ा। तमाम अतिविशिष्ट लोगों के बीच बॉलीवुड कलाकार अक्षय कुमार ने संगम में स्नान किया। एक्ट्रेस कैटरीना कैफ भी अपनी रिश्तेदार के साथ महाकुंभ पहुंचीं। उन्होंने मां गंगा की पूजा की और डुबकी लगाई। उन्होंने परमार्थ निकेतन शिविर में स्वामी चिदानंद सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती का आशीर्वाद भी लिया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.