Noida: थाना फेस 3 पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

Summary :

नोएडा: मुठभेड़ में घायल दो बदमाश, तीसरा भी गिरफ्त में

उत्तर प्रदेश के नोएडा में शनिवार को थाना फेस 3 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 20 लाख रुपये के गहने, चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक लाइसेंसी पिस्टल और एक तमंचा, कुछ जिंदा कारतूस तथा खोखा बरामद हुए हैं।

थाना फेस 3 इलाके में गढ़ी गोल चक्कर पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को रुकने का इशारा किया गया। बदमाश पुलिस को देख भागने लगे और पर्थला ब्रिज की ओर ग्रीन बेल्ट में घुस गए। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश विक्रम और मोनू के पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी विशाल उर्फ लंगड़ा को पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बदमाशों के पास से एक .32 बोर लाइसेंसी पिस्टल और उसके चार जिंदा तथा तीन खोखा कारतूस, एक .315 बोर तमंचा और उसका एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू, चोरी की यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, 20 लाख रुपये के गहने, जिसमें सोने के हार, चेन, कंगन, नथ, मांग टीका, अंगूठियां, कान के झुमके, पेंडेंट शामिल हैं, बरामद किए। उनके पास से 29 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए।

CM Yogi का Noida दौरा, 14 उद्यमियों को 617 करोड़ का चेक और कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

पूछताछ में पता चला कि बरामद सामान 2 मार्च को गढ़ी चौखंडी इलाके में एक बंद घर से चोरी किए गए थे। तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अपराधियों का इतिहास जब पता किया गया तो विक्रम (28) पर 22 केस दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे शामिल हैं। मोनू (32) पर 16 केस हैं, जिनमें हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आयुध अधिनियम के मामले हैं। विशाल (22) पर 21 मुकदमे हैं, जिनमें चोरी, अवैध हथियार, गैंगस्टर एक्ट और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं।

पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.