नई दिल्ली : राजधानी की लाइफ लाइन बन चुकी दिल्ली मेट्रो पर यात्रियों का भरोसा तेजी से बढ़ रहा है। हालत यह है कि दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या 60 लाख को पार कर गई है। पिछले कुछ सप्ताह में मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में एक लाख के करीब इजाफा देखा गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) प्रशासन के अनुसार सोमवार को 6037445 यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो में सफर किया।
प्रशासन का कहना है कि पिछले दो साल में मेट्रो के विस्तार के बाद यात्रियों की संख्या दो गुनी तक बढ़ी है। तीन साल बाद फेस 4 का काम पूरा होने के बाद इसमें और तेजी से बढ़त होगी। उनका कहना है कि अनुमान है यह आकड़ा एक करोड़ को पार कर जाएगा। इससे न केवल सड़कों से वाहनों की संख्या कम होगी बल्कि प्रदूषण भी कम होगा। बता दें कि मेट्रो किराये में वृद्धि के बाद पिछले साल अक्टूबर में यात्रियों की औसत संख्या में गिरावट आई थी।
सुरक्षा है पहला कारण… यात्रियों की माने तो मेट्रो में मिलने वाली सुरक्षा यात्री को पंसद आती है। अन्य सार्वजनिक परिवहन के मुकाबले मेट्रो ज्यादा सुरक्षित है। यात्रियों का कहना है कि जाम मुक्त सफर, सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए मेट्रो का कोई विकल्प नहीं है। दिल्ली जैसे जाम युक्त शहर में बिना मेट्रो के यात्रा करना संभव ही नहीं।


Download Android App
Download iOS App



