केजरीवाल सरकार अगले महीने की शुरुआत में दिल्ली में शुरू हो रही सम-विषम योजना में दोपहिया वाहन को छूट दे सकती है। दिल्ली सरकार को यह सलाह यातायात विभाग ने दी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यातायात विभाग ने सलाह दी थी कि 4-15 नवंबर के बीच शुरू हो रही सम-विषम योजना से दो पहिया वाहनों को छूट दी जाए। साथ ही विभाग ने यह सलाह दी है कि इस योजना का उल्लंघन करने पर जुर्माना 2,000 रुपये से बढ़ाकर 4,000 रुपये कर दिया जाए।
दिल्ली सरकार ने इस योजना के तहत पहले ही महिलाओं को छूट देने की घोषणा की है। यह योजना दिल्ली में दीपावली के बाद प्रदूषण से निपटने के लिये लाई जा रही है। निजी सीएनजी वाहनों को भी इस दौरान प्रतिबंधित किया जाएगा।
हालांकि इस पर टिप्पणी के लिए दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत उपलब्ध नहीं हो पाए हैं।


Download Android App
Download iOS App



