जावड़ेकर से पदाधिकारी बोले विस चुनाव में उतारे जाएं नए चेहरे

Summary :

प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को भी दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर का अलग-अलग जिला पदाधिकारियों से बैठक का दौर जारी रहा।

नई दिल्ली : प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को भी दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर का अलग-अलग जिला पदाधिकारियों से बैठक का दौर जारी रहा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी, सांसद मीनाक्षी लेखी, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया सहित जिलाध्यक्ष और मंडल पदाधिकारी मौजूद रहे। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में दोपहर ढाई बजे से लेकर रात साढ़े आठ बजे तक अलग-अलग जिलों की बैठक जारी रही। 
इस दौरान करोलबाग, बाहरी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी जिले की बारी-बारी से बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारियों का गुरुवार की तरह ही चुनाव प्रभारी से परिचय हुआ। इसके बाद सभी ने अपने-अपने विचार जावड़ेकर के समक्ष रखे। इस दौरान अलग-अलग मतों से यह तर्क दिए गए कि नगर निगम चुनाव की तरह ही दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी नए चेहरों को तरजीह दी जानी चाहिए। कुछ का कहना था कि चुनाव तक दिल्ली से मुख्यमंत्री के चेहरे को सार्वजनिक न किया जाए, बल्कि चुनाव सभी को मिलकर लड़ना चाहिए। 
कुछ ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मंडल और निगम पार्षदों में तालमेल का अभाव है। ऐसे में एक ने यहां तक कह दिया गया कि दोनों के मेल जोल को बढ़ावा देने के लिए प्रकोष्ठ बनाया जाना चाहिए। पदाधिकारियों का कहना था कि गुटबाजी कम होनी चाहिए। वहीं जावड़ेकर ने आह्वान किया कि दिल्ली में पदाधिकारी अपनी-अपनी विधानसभा में दिल्ली सरकार की नाकामियों को उजागर कर उस पर हल्ला बोलें। 
कच्ची कॉलोनियों के मुद्दे को भी जनता के बीच रखकर केन्द्र और दिल्ली सरकार के योगदान को स्पष्ट करने की बात भी रखी गई। साथ ही कहा कि नगर निगम संबंधी समस्याओं का भी क्षेत्र में निदान होना चाहिए।

Desk Team