नई दिल्ली : दिल्ली में गंदे पानी की सप्लाई को लेकर दिल्ली विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के विधायक बोतल में गंदा पानी लेकर सदन में पहुंचे और मुख्यमंत्री और जलमंत्री से जवाब मांगने लगे। हालांकि उस समय मुख्यमंत्री सदन में मौजूद नहीं थे। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें अपनी सीट पर बैठने को कहा लेकिन विपक्ष के विधायक जगदीश प्रधान, ओपी शर्मा अध्यक्ष की कुर्सी के पास आ गए। हंगामा बढ़ता देख अध्यक्ष ने नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता को मार्शल आउट करने का आदेश दे दिया।
इस दौरान विपक्ष के विधायक जगदीश प्रधान, ओपी शर्मा और मंजिंदर सिंह सिरसा भी सदन से बाहर चले गए। सदन से बाहर आने के बाद गुप्ता ने कहा कि पानी की कमी तथा दूषित पानी की सप्लाई से दिल्लीवासी परेशान हैं। इस मुद्दे पर वह काम रोको प्रस्ताव लेकर आए थे लेकिन उन्हें मार्शलों के द्वारा सदन से बाहर करवा दिया गया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार कम और गन्दे पानी की सप्लाई पर चर्चा से भाग रही है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुख का विषय है कि सरकार ने 16 मार्च से प्रारम्भ हुए इस सदन में आज तक पानी की सप्लाई पर एक दिन भी चर्चा करना मुनासिब नहीं समझा।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



